मैट्रिमोनियल साइट पर पहले प्यार फिर निवेश का जाल, जसपुर के युवक से 40 लाख की साइबर ठगी!

खबरें शेयर करें

उत्तराखंड के रुद्रपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवती ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट के ज़रिए पहले शादी का झांसा दिया, फिर निवेश के नाम पर एक युवक से 40 लाख रुपये से ज़्यादा की ठगी कर डाली। मामला जसपुर के आलोक कुमार से जुड़ा है, जिन्होंने अब साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

जसपुर निवासी आलोक कुमार ने संगम डॉट कॉम पर एक मैट्रिमोनियल प्रोफाइल बनाई थी। 11 मार्च को उन्हें प्रीति अग्रवाल नाम की युवती से मैरिज इंटरेस्ट आया। दोनों में बातचीत शुरू हुई। युवती ने खुद को शेयर ट्रेडर बताया और कहा कि अगर आलोक उसके साथ ट्रेडिंग में निवेश करेंगे, तो वह शादी के लिए राज़ी है।

जब आलोक ने इनकार किया तो प्रीति ने तीन महीने में एक करोड़ रुपये कमाने का लालच दिया। शुरुआती निवेश के तौर पर 50 हजार रुपये मांगे गए, जिसके बाद उसे 9 हजार रुपये का मुनाफा दिखाया गया  और वो रकम खाते में भी आ गई। इससे आलोक को विश्वास हो गया।

इसके बाद युवक ने 21 अप्रैल से 28 मई के बीच 12 बार में कुल 40 लाख 46 हजार रुपये दो अलग-अलग खातों से बताए गए अकाउंट्स में ट्रांसफर कर दिए। वेबसाइट पर उसे दिखाया गया कि उसके निवेश पर उसे 34,455 डॉलर का लाभ हुआ है।

लेकिन जब आलोक ने अपनी रकम निकालनी चाही तो वेबसाइट ने पहले 30 फीसदी टैक्स, फिर 15 प्रतिशत कन्वर्ज़न चार्ज और अंत में 10,000 डॉलर सत्यापन के नाम पर मांगे। यहीं से उसे शक हुआ कि वह किसी बड़े ठगी जाल में फंस चुका है।

अरुण कुमार, प्रभारी निरीक्षक, साइबर क्राइम थाना:

“मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित द्वारा जिन खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।”

साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह के लालच, इन्वेस्टमेंट स्कीम, या फर्जी शादी के झांसे में न आएं। उन्होंने सलाह दी है कि:

सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने से बचें।

किसी वेबसाइट पर निवेश करने से पहले पूरी तरह सत्यापन करें।

टेलीग्राम या अनजान वेबसाइट्स के लिंक से सावधान रहें।

गूगल पर सर्च कर कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें।

कम समय में ज़्यादा मुनाफे के झांसे में न फंसें।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *