नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान को एक और बड़ी सफलता, किच्छा पुलिस ने 9 लाख की चरस के साथ तस्कर दबोचा

खबरें शेयर करें

रिपोर्ट: उधम सिंह नगर से
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान को जमीनी स्तर पर उतारने में उधम सिंह नगर पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किच्छा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।

किच्छा पुलिस ने सोमवार, 2 जून 2025 को हल्द्वानी बाईपास रोड स्थित महिला डिग्री कॉलेज के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी में उसके पास से 3.360 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसमें 2.960 किलोग्राम शुद्ध चरस थी। बरामद माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 9 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान
पुलिस ने आरोपी की पहचान खिलाफ राम पुत्र हरराम, निवासी ग्राम टीक, पोस्ट ऑफिस डोला, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर, उम्र 33 वर्ष के रूप में की है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह चरस उसे बदियागांव, कपकोट के कुछ युवकों ने बेचने के लिए दी थी। हैरानी की बात यह है कि खिलाफ राम वर्ष 2021 में NDPS एक्ट के तहत 10 साल की सज़ा काट चुका है, और छह महीने पहले ही ज़मानत पर रिहा हुआ था। वर्तमान में वह रुद्रपुर स्थित सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम कर रहा था।

कानूनी कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ कोतवाली किच्छा में मु0अ0स0 169/25, धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

नशा विरोधी अभियान में पुलिस की निरंतर कार्रवाई
उधम सिंह नगर पुलिस की बीते छह महीनों की रिपोर्ट बताती है कि अब तक 20 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध नशीली सामग्री जब्त की जा चुकी है, जो इस अभियान की गंभीरता और सफलता का प्रमाण है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, और यह अभियान इसी तरह कठोरता से जारी रहेगा।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *