खटीमा में दर्दनाक सड़क हादसा – डंपर की टक्कर से पत्नी की मौत, पति गंभीर घायल..

खबरें शेयर करें

उत्तराखंड के खटीमा क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर है। मंगलवार सुबह एक डंपर और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि डंपर दोनों को स्कूटी सहित दूर तक घसीटता चला गया।

घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। 64 वर्षीय मोहन चंद अपनी पत्नी 58 वर्षीय देवकी देवी के साथ स्कूटी से टनकपुर के सैलानीगोट रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही वे बिचपुरी गांव के पास एक तीव्र मोड़ पर पहुंचे, सामने से आ रहे मिट्टी से भरे डंपर ने स्कूटी को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद डंपर दोनों को स्कूटी समेत काफी दूर तक घसीटता ले गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल दंपत्ति को उप-चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने देवकी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मोहन चंद की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

(पुलिस चौकी इंचार्ज, विकास कुमार)

“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डंपर को सीज कर दिया गया है और तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा।”

देवकी देवी के निधन से उनके परिवार में मातम पसर गया है। मृतका का एक बेटा सुनील चंद बाजपुर की पॉलिप्लेक्स कंपनी में कार्यरत है और एक बेटी ईशा की शादी हो चुकी है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *