स्पा सेंटर होटल और संदिग्ध स्थलों पर ताबड़तोड़ छापे, 14 हिरासत में

रुद्रपुर लोकपथ संदेश ब्यूरो
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जिले में स्पा सेंटर, होटल, गेस्ट हाउस एवं अन्य संदिग्ध स्थलों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। विशेष सघन अभियान के तहत 15 से अधिक होटल/गेस्ट हाउस एवं अन्य संदिग्ध स्थलों की सघन चेकिंग की गई। अभियान में 50 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। चेकिंग के दौरान 14 से अधिक संदिग्ध महिला एवं पुरुषों को पूछताछ एवं सत्यापन के लिए पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनके संबंध में उपलब्ध अभिलेखों एवं अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान होटल, गेस्ट हाउस एवं स्पा संचालकों/कर्मचारियों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि किसी भी परिसर में नाबालिगों का शोषण, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार अथवा अन्य किसी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित अथवा संरक्षित न की जाए। प्रत्येक ग्राहक/आगंतुक का नियमानुसार पहचान-पत्र सत्यापन तथा आवश्यक अभिलेखों का संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही स्पष्ट किया गया कि रजिस्टर/डिजिटल रिकॉर्ड, पहचान-पत्र सत्यापन, लाइसेंस/अनुमति अथवा अन्य आवश्यक अभिलेखों में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं अन्य प्रचलित विधिक प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
किसी भी अवैध गतिविधि में संचालक अथवा कर्मचारी की मिलीभगत, संरक्षण या जानबूझकर सूचना छिपाने की पुष्टि होने पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित के विरुद्ध भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा ऐसे स्पा सेंटर, होटल, गेस्ट हाउस एवं संदिग्ध स्थलों को चिन्हित कर सतत निगरानी रखी जा रही है। अभियान का उद्देश्य नाबालिगों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। भविष्य में भी इस प्रकार की अचानक एवं सघन चेकिंग कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।