UKSSSC पेपर लीक मामला: मास्टरमाइंड खालिद मलिक गिरफ्तार, जांच में चौंकाने वाले खुलासे

खबरें शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के स्नातक स्तरीय पदों की लिखित प्रतियोगी परीक्षा में पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी अजय सिंह ने पुष्टि की कि मास्टरमाइंड खालिद मलिक को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया गया है।

जांच में खुलासा हुआ कि जिस परीक्षा केंद्र में खालिद परीक्षा दे रहा था, वहां कुल 18 कमरे थे, लेकिन तीन कमरों में जैमर नहीं लगे थे। खालिद उसी कमरे से परीक्षा के तीन पेज अपनी बहन साबिया को भेज रहा था, जिन्होंने उन्हें प्रोफेसर सुमन चौहान को भेजा। इस पूरी साजिश में जैमर टीम और परीक्षा केंद्र के अन्य कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है।

 

एसएसपी अजय सिंह ने मामले की जांच पुलिस अधीक्षक देहात जया बलूनी को सौंपी। जया बलूनी के नेतृत्व में टीम ने हरिद्वार के आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज बहादरपुर जट का निरीक्षण किया और परीक्षा केंद्र के प्रिंसिपल, कक्ष निरीक्षकों तथा अन्य गवाहों से पूछताछ की। इसके आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

 

पुलिस का कहना है कि खालिद की बहन हीना और उत्तर तैयार करने वाली प्रोफेसर सुमन चौहान अभी भी हिरासत में हैं। आरोपी साबिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खालिद ने डिवाइस कैसे परीक्षा केंद्र में ले जाया और मामले में कुल कितने लोग शामिल थे।

 

हरिद्वार एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल और देहरादून एसएसपी अजय सिंह की टीम खालिद से गोपनीय पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी और जांच के बाद ही पेपर लीक की पूरी गुत्थी सुलझ पाएगी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *