बीएलओ घर-घर पहुंचकर कर रहे सत्यापन, कोई भी पात्र नागरिक वंचित न रहे
पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को भी दी जा रही मदद, डीएम ने की अपील
मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों को जोड़ने का विशेष अभियान शुरू
रुद्रपुर लोकपथ संदेश ब्यूरो
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद जनपद में छूट गए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रह जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान उन पात्र नागरिकों की पहचान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिनका नाम पूर्ववर्ती मतदाता सूची में तो था, लेकिन वर्तमान सूची में उपलब्ध नहीं है। ऐसे व्यक्तियों के नामों को सूची में पुनः शामिल करने की प्रक्रिया को सुगम बनाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जो युवा पहली बार मतदाता बनने के पात्र हुए हैं, उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की निर्धारित प्रक्रिया के बारे में जानकारी और आवश्यक सहायता भी प्रदान की जा रही है। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं पाया जाता है तो वे संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं।

