अतिवृष्टि-ओलावृष्टि से फसल नुकसान पर डीएम ने त्वरित आकलन के दिए निर्देश

ड्रोन सर्वे अनिवार्य, बिजली बिलों का भी आकलन कराया जाएगा
संयुक्त टीमें सटीक रिपोर्ट शासन को भेजेंगी
रुद्रपुर लोकपथ संदेश ब्यूरो
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बाजपुर एवं गदरपुर क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए फसल क्षति आकलन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को फसल नुकसान के आकलन की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ त्वरित और सटीक आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कृषि, उद्यान, गन्ना, अग्रणी बैंक एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का तत्काल आकलन पूरा कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए। जिलाधिकारी ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का ड्रोन सर्वे अनिवार्य रूप से कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रभावित किसानों के बिजली बिलों का आकलन कराने के आदेश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, मुख्य उद्यान अधिकारी एसके शर्मा, सहायक आयुक्त गन्ना शैलेंद्र सिंह, एआर कॉपरेटिव हरीश चंद्र खंडूड़ी, एलडीएम कमल कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। उप जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।