हल्द्वानी में नगर निगम की विकास योजनाओं का खाका पेश, 1800 वेंडरों को मिले प्रमाण पत्र

खबरें शेयर करें

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी में चल रहे विकास कार्यों और आगामी योजनाओं को लेकर मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने नगर सभागार में प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि शहर में काम कर रहे 1800 रेडी-ठेला संचालकों को प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं, जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित हो सकी है और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने में मदद मिली है।

 

मेयर ने जानकारी दी कि नगर निगम ने बीते महीने लगभग 20 बीघा जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। इस जमीन का उपयोग अब विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई वर्षों से नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा था, जिसे अभियान चलाकर हटाया गया है।

 

इसके अलावा नगर निगम की दुकानों को लेकर भी बड़ा कदम उठाया गया है। 600 दुकानदारों को नोटिस जारी कर नवीनीकरण का निर्देश दिया गया है ताकि नगर निगम की आमदनी में वृद्धि हो सके।

 

मेयर ने बताया कि दमुवाढूंगा क्षेत्र के निवासियों की मांग पर वहां अब हाउस टैक्स लागू किया जाएगा, जिससे निगम को राजस्व मिलेगा और वहां के नागरिकों को निगम की सुविधाएं मिल सकेंगी।

 

उन्होंने यह भी बताया कि एडीबी, जल संस्थान और लोक निर्माण विभाग द्वारा नगर क्षेत्र में जो भी कार्य चल रहे हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।

 

6 जून को होगा कालूसाईं बाबा मंदिर का उद्घाटन

 

मेयर बिष्ट ने बताया कि आगामी 6 जून को कालूसाईं बाबा के मंदिर को शिफ्ट किया जाएगा, जिसका उद्घाटन स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। मंदिर उद्घाटन के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा।

 

मेयर ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री धामी के प्रयासों से शहर में 5 वॉटर टैंक का निर्माण कार्य शुरू हो रहा है, जिससे शहर की पेयजल व्यवस्था बेहतर होगी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *