संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला छात्रा का शव

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर, संवाददाता। संदिग्ध परिस्थितियों में 12वीं की छात्रा का शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने के बाद मौके पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। 29 मई को गांव से छुट्टियों में रुद्रपुर आई थी।

ट्रांजिट कैंप के अरविंद नगर में मंगलवार को शिखा (18) पुत्री गंगाराम, निवासी न्योरिया पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। जानकारी के मुताबिक, शिखा 29 मई को पीलीभीत स्थित अपने गांव से गर्मी की छुट्टियों में रुद्रपुर आई थी। उसने हाल ही में कक्षा 12 पास किया था। उसके पिता गंगाराम सिडकुल की एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड हैं और अरविंद नगर में ही किराए पर रखते हैं। शिखा की मां कुसुम देवी का कुछ समय से स्वास्थ्य खराब था और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को ही कुसुम देवी की अस्पताल से छुट्टी हुई थी। मंगलवार को शिखा अपनी मां से अस्पताल में मिलने गई थी और दोपहर बाद घर लौटी थी। कुछ देर बाद जब परिजन घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर खिड़की से झांककर देखा गया तो शिखा का शव पंखे के कुंडे से चुन्नी के सहारे लटका मिला। शिखा पांच बहनों में सबसे छोटी थी और उससे छोटा एक भाई है।

वहीं सूचना मिलते ही मौके पर एसएसआई महेश कांडपाल और महिला एसआई नेहा ध्यानी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। थाना ट्रांजिट कैंप प्रभारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *