नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार, SSP मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर पुलभट्टा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी-सर्विलांस से बच्ची सुरक्षित बरामद

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

मामला थाना पुलभट्टा क्षेत्र का है, जहां 2 फरवरी 2026 को एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से चली गई है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया। तहरीर के आधार पर थाना पुलभट्टा में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा ने पीड़िता की शीघ्र बरामदगी और मामले के खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के निर्देशन में थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार जांच की। 5 फरवरी 2026 को मिली मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नाबालिग को अभियुक्त साहिल के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की। साथ ही इस अपराध में एक अन्य युवक की संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई है। आरोपी के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में गंभीर धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *