रेल ट्रैक पर चढ़े मवेशी, पैसेंजर ट्रेन की टक्कर से सात की मौत, दो घंटे ठप रहा यातायात

खबरें शेयर करें

शनिवार सुबह लालकुआं-मुरादाबाद रेलखंड पर बड़ा हादसा हुआ। हल्दी रेलवे स्टेशन से आगे अशोका लीलैंड फैक्ट्री के समीप रेल पटरी पर अचानक गायों का झुंड आ गया। उसी समय मुरादाबाद की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंची और झुंड से जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में दो सांड और पांच गायों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन मंगाई और मृत मवेशियों को ट्रैक से हटवाया।

हादसे के चलते करीब डेढ़ से दो घंटे तक रेल यातायात पूरी तरह बाधित रहा। दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को लालकुआं स्टेशन पर सुबह 9:30 बजे से 12 बजे तक रोकना पड़ा, जबकि दिल्ली से काठगोदाम आने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस रुद्रपुर स्टेशन पर सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक खड़ी रही। बाद में ट्रैक साफ होने के बाद दोनों ट्रेनों को अपने गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

रेलवे के मंडल जनसंपर्क अधिकारी संजीव शर्मा ने बताया कि सुबह लालकुआं-रुद्रपुर रेलखंड पर कुछ पशुओं के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से मृत मवेशियों को हटवाया गया। उन्होंने बताया कि दोनों प्रभावित ट्रेनें लगभग एक घंटे की देरी से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्दी से अशोका लीलैंड तक का क्षेत्र अक्सर मवेशियों के आवागमन का रास्ता बना रहता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि इस संवेदनशील क्षेत्र में ट्रैक के दोनों ओर फेंसिंग या बैरिकेडिंग की जाए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *