कारोबारी से लाखों की धोखाधड़ी, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी का आरोप

खबरें शेयर करें

ग्राम शिमला पिस्तौर स्थित द्वारिका रोलर फ्लोर मिल के निदेशक बलराम अग्रवाल ने करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी को लेकर कई व्यापारियों व एक ब्रोकर के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बलराम अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2024 में उनकी मिल द्वारा गाजियाबाद निवासी ब्रोकर अंकित सिर्धल के माध्यम से कई व्यापारियों को आटा और मैदा की आपूर्ति की गई थी। इस सप्लाई के लिए पक्के बिल तैयार किए गए थे और माल की ढुलाई का खर्च भी व्यापारियों से ही दिलवाया गया था। कंपनी की नीति के अनुसार, सप्लाई से पूर्व सभी व्यापारियों से भुगतान की सहमति ली गई थी।

लेकिन, बलराम का आरोप है कि इन व्यापारियों ने अब तक करोड़ों रुपये का भुगतान नहीं किया। जब उन्होंने ब्रोकर अंकित सिर्धल के माध्यम से संपर्क किया, तो व्यापारियों ने बताया कि वे नकद भुगतान पहले ही अंकित को कर चुके हैं, जबकि अंकित का कहना है कि उसे पूरी रकम नहीं मिली। इससे यह संदेह और गहराया कि दोनों पक्षों ने आपसी साजिश रचकर कंपनी को धोखा दिया है।

बलराम अग्रवाल ने बताया कि जब उन्होंने बकाया वसूली को लेकर संबंधित लोगों से बातचीत करनी चाही, तो उन्हें गाली-गलौच का सामना करना पड़ा और जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग पहले भी अन्य व्यापारियों को इसी तरह ठग चुके हैं और अब उन्हें खुद की और अपने व्यवसाय की सुरक्षा को लेकर चिंता है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *