विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जनजागरूकता की अलख: तंबाकू छोड़ो, जीवन चुनो..

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों एवं गोष्ठियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत देवस्थली विद्यापीठ लालपुर में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

गोष्ठी के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने तंबाकू के सेवन से उत्पन्न होने वाले दुष्प्रभावों एवं उससे जुड़े तथ्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तंबाकू न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि यह समाज के समग्र विकास में भी बाधक है। इस अवसर पर कोतवाल धीरेन्द्र कुमार एवं नारकोटिक्स प्रभारी ने भी छात्र-छात्राओं और प्रतिभागियों को नशे की लत के खतरों के बारे में जानकारी दी।। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां होती हैं, अतः इसके प्रति जनमानस को सजग करना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी हिमांशु, प्रदीप महर, संजय पांडे सहित देवस्थली विद्यापीठ के प्रबंधक, प्राचार्य एवं छात्र-छात्राएं शामिल रहीं। इसके अलावा जिला चिकित्सालय, उपजिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी तंबाकू नियंत्रण से संबंधित गोष्ठियों व जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से लोगों को तंबाकू से होने वाले नुकसान और उससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *