बैग खुला तो खुली की खुली रह गई सबकी आंखें, 5 करोड़ के जेवरात मिले

हैदराबाद के आईपीएस अधिकारी की सूचना पर आधी रात को चेकिंग पर निकले ऊधमसिंह नगर जिले के एसएसपी अजय गणपति

5 करोड़ की ज्वेलरी चोरी के नेपाल मूल के तीन आरोपियों को उत्तराखंड और यूपी पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही में दबोचा
रुद्रपुर लोकपथ संदेश ब्यूरो
ऊधमसिंह नगर पुलिस और यूपी पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही में नेपाल मूल के तीन नागरिकों से करीब पांच करोड़ के जेवरात बरामद किए हैं। तेलंगाना के एक आईपीएस अधिकारी के एसएसपी ऊधमसिंह अजय गणपति को आधी रात को आए कॉल के बाद यह कार्यवाही हुई। खुद एसएसपी रात को चेकिंग पर निकले थे। आरोपियों को यूपी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
हैदराबाद में करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने के बाद तेलंगाना के एक आईपीएस अधिकारी ने आधी रात एसएसपी अजय गणपति को सूचना दी थी कि चोरी में शामिल नेपाली मूल के आरोपी उत्तराखण्ड के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही SSP अजय गणपति ने देर रात स्वयं एसओजी के साथ मोर्चा संभाला और रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कराया। पूरे ऑपरेशन की निगरानी एसएसपी अजय गणपति खुद कर रहे थे। चेकिंग के दौरान एक बस को रोका गया, जिसमें नेपाल भागने की तैयारी कर रहे नेपाली मूल के तीन आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद स्थित बिलासपुर क्षेत्र में आरोपियों को दबोच लिया गया।
आरोपियों के कब्जे से हैदराबाद से चोरी किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण भी बरामद हुए। बस उत्तर प्रदेश सीमा में रुकने के कारण बरामदगी एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई बिलासपुर पुलिस द्वारा की गई। यह कार्यवाही उनके अंतर्राज्यीय समन्वय एवं त्वरित पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है। जिसमें रुद्रपुर पुलिस और रामपुर पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से सफलता मिली।