यूकेएसएसएससी पेपर लीक कांड: हाईकोर्ट जज की निगरानी में बनेगी एसआईटी, एक माह में रिपोर्ट

खबरें शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में यूकेएसएसएससी (उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग) स्नातक स्तरीय परीक्षा पेपर लीक प्रकरण ने राज्यभर में हड़कंप मचा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) गठित करने का फैसला लिया है। यह टीम एक महीने के भीतर जांच पूरी कर शासन को रिपोर्ट सौंपेगी। तब तक परीक्षा परिणाम जारी नहीं किए जाएंगे। इस निर्णय की जानकारी मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने दी।

 

जांच टीम की अध्यक्षता एसपी ग्रामीण देहरादून जया बलूनी करेंगी। टीम में सीओ अंकित कंडारी, एलआईयू निरीक्षक लक्ष्मण सिंह नेगी, रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी और साइबर पुलिस स्टेशन से एसआई राजेश ध्यानी शामिल किए गए हैं।

 

गौरतलब है कि 21 सितंबर को प्रदेशभर के 445 केंद्रों पर हुई परीक्षा के दौरान कुछ ही देर बाद प्रश्नपत्र के तीन पन्ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए। जांच में सामने आया कि हरिद्वार के आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज से आरोपी खालिद ने जैमर न लगे कमरे से पन्ने बाहर भेजे। खालिद और उसकी बहन साबिया को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका मोबाइल अब तक पुलिस के हाथ नहीं लगा है।

 

सरकार ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *