16 लाख की स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर, लोकपथ संदेश ब्यूरो
चेकिंग के दौरान पुलिस ने तस्करी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में एएनटीएफ और एससोजी रुद्रपुर और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में यह सफलता मिली है। अभियुक्तों के कब्जे से 52.08 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति द्वारा जनपद को नशा मुक्त बनाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर एवं क्षेत्राधिकारी किच्छा के पर्यवेक्षण में जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को एएनटीएफ और एससोजी रुद्रपुर तथा कोतवाली किच्छा पुलिस टीम चौकी कलकत्ता फार्म क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध लोगों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान सूर्य नगर गेट नम्बर-5 के पास संयुक्त चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर अचानक घबरा गए तथा मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त सचिन सिंह के कब्जे से 41.02 ग्राम तथा अभियुक्त सुखविंदर सिंह के कब्जे से 11.06 ग्राम शुद्ध अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्मैक तस्करी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। मुख्य अभियुक्त द्वारा नेपाल के लोगों को स्मैक सप्लाई करने की बात भी सामने आई है। जिस संबंध में पुलिस अन्य तस्करों एवं पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त के नाम
सचिन सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज थाना हजारा जिला पीलीभीत, हाल निवासी बिठोरा मझोला, कोतवाली नानकमत्ता जनपद ऊधमसिंहनगर और सुखविंदर सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी गुरुनानक नगरी, कोतवाली सितारगंज, जनपद ऊधमसिंहनगर हैं।
अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली किच्छा में धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *