किसानों का परिश्रम ही राज्य की सच्ची पूंजी : मुख्यमंत्री धामी, पंतनगर में रजत जयंती वर्ष पर वृहद कृषक सम्मेलन आयोजित

खबरें शेयर करें

पंतनगर, उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर पंतनगर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित वृहद कृषक सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसान भाइयों का परिश्रम और त्याग ही हमारी सच्ची पूंजी है, उनका पसीना ही हमारी ताकत है। उन्होंने कहा कि किसानों का परिश्रम और सरकार की नीतियां मिलकर राज्य की आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ, समृद्ध और स्वर्णिम भविष्य का निर्माण करेंगी।

 

मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों और लखपति दीदियों को सम्मानित किया तथा कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को तीन लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज दिया जा रहा है, सिंचाई पूरी तरह मुफ्त की गई है और फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत 80 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है।

 

सीएम धामी ने बताया कि प्रदेश में 115 करोड़ रुपये की सहायता से 350 पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं। राज्य में 1,000 करोड़ रुपये की रेन-फेड फार्मिंग परियोजना और 1200 करोड़ की बागवानी नीतियां लागू की गई हैं। मशरूम और शहद उत्पादन में उत्तराखंड ने देश में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 50 से अधिक मशरूम इकाइयां, 30 कोल्ड चेन इकाइयां और दो मेगा फूड पार्क स्थापित हैं।

 

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किसान मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि राज्य की महिलाएं भी आत्मनिर्भर बन रही हैं और अब तक 1.65 लाख महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं।

 

कार्यक्रम में विधायक तिलकराज बेहड़, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, महापौर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *