बिलासपुर फ्लाईओवर पर कंटेनर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में एक की मौत, दो घायल, कंटेनर चालक फरार

खबरें शेयर करें

ऊधम सिंह नगर के बिलासपुर रोड फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पर रखा भारी ट्रांसफार्मर ट्रैक्टर चालक के ऊपर गिर पड़ा। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना दोपहर करीब एक बजे नारायण हॉस्पिटल के पास फ्लाईओवर पर हुई। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर ट्रांसफार्मर लदा था और वह बिलासपुर की ओर जा रही थी। तभी पीछे से आ रहे कंटेनर (HR 46E 3710) ने ओवरटेक के प्रयास में ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और ट्रांसफार्मर चालक पर आ गिरा।

हादसे की चपेट में एक कार भी आ गई जो सामने से आ रही थी। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार लोग बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद कंटेनर का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बिलासपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, घायलों को अस्पताल भिजवाया और फ्लाईओवर पर लगे जाम को हटाकर यातायात सुचारू कराया।

पुलिस ने फरार चालक और परिचालक की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *