रुद्रपुर। कौशल्या इंक्लेव फेस-2 में रहने वाली एक अध्यापिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अध्यापिका के पड़ोसी और सोसाइटी अध्यक्ष सुरेंद्र पाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि मृतका को उसके साथ रहने वाले अजय मिश्रा और एक सफाई कर्मचारी बिमला बाल्मीकि ने मिलकर साजिशन जलाकर मार डाला है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, मृतका सुषमा पंत नामक अध्यापिका पिछले 7-8 वर्षों से अजय मिश्रा नाम के व्यक्ति के साथ उसी कॉलोनी में रह रही थी। कॉलोनी अध्यक्ष सुरेंद्र पाल ने बताया कि 25 अक्तूबर की सुबह सुषमा पंत उनके घर आई थी और अजय मिश्रा के खिलाफ शिकायत करते हुए कहा था कि वह उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करता है तथा नशीली दवाइयाँ देकर उसे पागल साबित करने की कोशिश कर रहा है। उसने सफाई कर्मचारी बिमला बाल्मीकि पर भी आरोप लगाया था कि वह अजय मिश्रा की मिलीभगत से उसे परेशान करती है।
इसके अगले दिन 26 अक्तूबर को सुषमा पंत फिर अध्यक्ष के पास पहुंची और मदद की गुहार लगाते हुए कहा कि दोनों लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और उसके साथ मारपीट भी की है। मगर इससे पहले कि कोई कार्रवाई हो पाती, 28 अक्तूबर की सुबह पड़ोसियों ने उसके घर से धुआँ उठता देखा। जब लोगों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की तो गेट पर ताला लगा था और वहां अजय मिश्रा मौजूद था। उसने कहा कि “वह जलकर मर गई है, अब ताला खोलने से कुछ नहीं होगा” — इतना कहकर वह वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों आरोपितों — अजय मिश्रा और बिमला बाल्मीकि — के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।

