श्रीनगर : किश्तवाड़ में मचैल माता यात्रा मार्ग पर बादल फटने से 33 की मौत, 125 से अधिक घायल

खबरें शेयर करें

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में मचैल माता मंदिर के मार्ग पर स्थित दूरदराज के गांव चशोती में गुरुवार को भीषण बादल फटने से भारी तबाही हुई। हादसे में अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 125 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।

 

यह घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु मचैल मंदिर की यात्रा पर थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोपहर में लंगर में भोजन कर रहे श्रद्धालु अचानक आई इस आपदा में फंस गए, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। चशोती मचैल मंदिर मार्ग का अंतिम वाहन योग्य बिंदु है, जिसके बाद श्रद्धालुओं को 10 किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी होती है।

 

किश्तवाड़ के डीसी पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि अब तक 30 शव बरामद किए जा चुके हैं और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अथोली पद्दार और जिला अस्पताल किश्तवाड़ में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार 75 से अधिक घायलों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

 

बचाव कार्य में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, नागरिक प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवी संगठन लगे हुए हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए तलाशी अभियान जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की दो अतिरिक्त टीमों को मौके पर भेजा गया है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *