सिसौना कॉलेज में हड़कंप — छात्रसंघ नामांकन निरस्त होने पर छात्रा छत पर चढ़ी, पेट्रोल की बोतल लेकर दी आत्मदाह की धमकी

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। सिसौना महाविद्यालय में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब छात्रसंघ अध्यक्ष पद का नामांकन निरस्त होने से नाराज़ एक छात्रा पेट्रोल की बोतल लेकर कॉलेज की छत पर चढ़ गई और आत्मदाह की धमकी देने लगी। अचानक हुई इस घटना से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

सूत्रों के अनुसार, छात्रा ने आरोप लगाया कि उसका नामांकन बिना उचित कारण के रद्द कर दिया गया। इसी से क्षुब्ध होकर वह कॉलेज पहुंची और प्रशासन से कार्रवाई की मांग करने लगी। जब उसकी बात नहीं सुनी गई, तो उसने आक्रोश में पेट्रोल की बोतल लेकर आत्मदाह का प्रयास किया।

 

घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस और कॉलेज प्रशासन मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने छात्रा से लगातार वार्ता की और उसे समझाने का प्रयास किया। लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद छात्रा शांत हुई और सुरक्षित नीचे उतर आई।

 

कॉलेज प्राचार्य रेनू बंसल ने बताया कि छात्रा के प्रार्थना पत्र पर विधिक प्रक्रिया जारी है, तथा इस मामले में जिला शासकीय अधिवक्ता से राय ली जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

कॉलेज प्रशासन ने घटना के बाद परिसर में सुरक्षा और अनुशासन को सख्त करने के निर्देश जारी किए हैं।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *