फेक आईडी से फोटो वायरल करने पर मचा बवाल: बेटे की करतूत पर सवाल पूछने गए ससुर की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर, संवाददाता।

ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में सोशल मीडिया विवाद ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। फेक आईडी बनाकर बहू की पुरानी फोटो एडिट कर वायरल करने के आरोप पर बात करने गए ससुर को पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। हमले में सास और एक पारिवारिक मित्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हरी नगर कॉलोनी सिद्धा नानकमत्ता निवासी सोनी पत्नी शंकर विश्वास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोस में रहने वाले विशाल विश्वास, आशीष विश्वास व विकास विश्वास पुत्रगण विद्युत विश्वास ने उसकी पुरानी फोटो एडिट कर फेक आईडी से सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। गुरुवार रात करीब नौ बजे जब यह बात उसने अपने ससुर नितिन अरोड़ा उर्फ निक्कू (46) को बताई, तो वे स्थिति समझने के लिए अपने मित्र मनजीत सिंह निवासी इटौआ, पत्नी अनीता विश्वास, देवर दलजीत सिंह और बहू सोनी के साथ आरोपियों के घर पहुंच गए।

 

वहाँ आरोपी परिवार ने एक राय होकर सभी पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। आरोपियों ने नितिन अरोड़ा के सिर पर वसूली (ईंट तोड़ने वाला औजार) से वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी नानकमत्ता ले गए, जहाँ से हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। सितारगंज होते हुए रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। सीओ खटीमा विमल रावत ने बताया कि पुलिस ने पति-पत्नी समेत पांच आरोपियों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *