बस यात्रा बनी अंतिम” चलती बस में लगी आग, 20 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

खबरें शेयर करें

कुरनूल (आंध्र प्रदेश)। शुक्रवार सुबह कुरनूल जिले में दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की बस में आग लगने से 20 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग झुलसकर घायल हो गए। हादसे के वक्त बस में कुल 41 लोग सवार थे।

सूत्रों के अनुसार, बस कुरनूल के चिन्नाटेकुर उपनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर पहुंची ही थी कि एक दोपहिया वाहन से टकरा गई। बाइक बस के नीचे फंसने से ईंधन टैंक फट गया और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।

आग इतनी भीषण थी कि यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कई यात्री उस समय गहरी नींद में थे और जब तक उन्हें कुछ समझ आता, बस पूरी तरह जल चुकी थी। कुछ लोग खिड़कियों से कूदकर किसी तरह बाहर आए, जबकि कई अंदर फंसकर जिंदा जल गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। घायलों को कुरनूल जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस से लपटें उठते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर चीख-पुकार का माहौल बन गया। लोगों ने खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे सब बेबस दिखे।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक और उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान डीएनए रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी, क्योंकि शव पूरी तरह जल चुके हैं।

इस भयावह हादसे के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *