ऑडियो विवाद पर सियासत तेज, कांग्रेस नेता मीना शर्मा ने 19 शीर्ष नेताओं को लिखा पत्र, पूर्व विधायक पर कार्रवाई तेज करने की उठाई मांग

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर।

कथित ऑडियो प्रकरण को लेकर उत्तराखंड की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता, उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष और 2022 में रुद्रपुर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहीं मीना शर्मा ने इस मामले में पार्टी के 19 राष्ट्रीय नेताओं को पत्र लिखकर न्याय दिलाने की अपील की है। मीना शर्मा का आरोप है कि वर्ष 2024 में रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उनके खिलाफ अभद्र, आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की गई।

मीना शर्मा के अनुसार यह ऑडियो न केवल उनकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि महिलाओं के सम्मान पर भी सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि इस ऑडियो को हजारों लोगों ने सुना और साझा किया, जिससे उनकी सामाजिक छवि और मान-मर्यादा को गंभीर नुकसान पहुंचा। मामले को लेकर उन्होंने पहले कोतवाली रुद्रपुर में शिकायत दर्ज कराई, इसके बाद देहरादून में राज्य महिला आयोग तक भी गुहार लगाई, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

न्याय न मिलने से आहत मीना शर्मा ने हाल ही में रुद्रपुर कोतवाली में स्थानीय जनता के साथ धरना प्रदर्शन किया, जिसके बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि, मीना शर्मा का कहना है कि दर्ज मुकदमे की कार्रवाई से वह पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि जांच की गति बेहद धीमी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो रही।

इसी क्रम में मीना शर्मा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने पत्र में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को संबोधित करते हुए कहा है कि वह एक निष्ठावान, समर्पित और संघर्षशील कांग्रेस कार्यकर्ता रही हैं और पार्टी ने हमेशा महिलाओं के सम्मान की लड़ाई लड़ी है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि पार्टी नेतृत्व इस मामले में उनके साथ खड़ा होगा और न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाएगा।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *