उधम सिंह नगर में कानून जागरूकता को लेकर पुलिस की अनूठी पहल, SSP ने ई-वैन को दिखाई हरी झंडी

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। जिले में आमजन को नए कानूनों के प्रति जागरूक करने के लिए उधम सिंह नगर पुलिस ने एक खास मुहिम की शुरुआत की है। सोमवार को पुलिस कार्यालय परिसर से एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने विधिवत रूप से ई-वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

पुलिस मुख्यालय (PHQ) से प्राप्त इस ई-वैन के माध्यम से पूरे जिले में नए कानूनों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस वैन में एक उप-निरीक्षक और एक कांस्टेबल की टीम तैनात की गई है, जो आगामी एक माह तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) जैसे महत्वपूर्ण नए कानूनों की जानकारी देगी।

 

इस मौके पर एसपी क्राइम एवं यातायात निहारिका तोमर, एसपी सिटी उत्तम नेगी, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह ई-वैन जिले के सभी प्रमुख बाजारों, ग्रामीण क्षेत्रों और शिक्षण संस्थानों में जाकर लोगों को सरल भाषा में इन कानूनों की जानकारी देगी। इसके माध्यम से पंपलेट, वीडियो, और लाउडस्पीकर के जरिए आमजन को नए प्रावधानों से अवगत कराया जाएगा।

 

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि यह अभियान नए कानूनों की जमीनी समझ को बढ़ाने में एक सार्थक कदम साबित होगा। पुलिस की यह पहल न सिर्फ जन-जागरूकता को बढ़ाएगी, बल्कि कानून के सही अनुपालन में भी सहायक बनेगी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *