रुद्रपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस का शिकंजा, मेट्रोपोलिस मॉल में 10 से अधिक स्पा सील, बार में नाबालिग शराब पीता पकड़ा

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर के मेट्रोपोलिस मॉल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने पुलिस बल के साथ विभिन्न स्पा सेंटरों पर अचानक छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मॉल परिसर में हड़कंप मच गया और कई स्पा संचालक आनन-फानन में ताले डालकर फरार हो गए।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर की गई। जनपद में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आज दिनांक 09 फरवरी 2026 को AHTU प्रभारी श्रीमती बसंती आर्य के नेतृत्व में पंतनगर क्षेत्र स्थित मेट्रोपोलिस मॉल में संचालित स्पा सेंटरों की औचक जांच की गई।

जांच के दौरान 10 से अधिक स्पा सेंटर बिना वैध अनुमति और तय एसओपी के विपरीत संचालित पाए गए। पुलिस ने सभी संबंधित स्पा सेंटरों को मौके पर ही सील कर दिया। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने के बाद ही सील खोली जाएगी।

इसी दौरान मॉल परिसर में संचालित एक बार में भी नियमों का उल्लंघन सामने आया। जांच में एक नाबालिग को शराब पीते हुए पकड़ा गया, जिस पर संबंधित बार का ₹10,000 का चालान किया गया। इसके अलावा अलग-अलग मामलों में कुल ₹50,000 के चालान काटे गए।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने साफ शब्दों में कहा है कि जनपद में किसी भी तरह की अवैध, अनैतिक या नियम विरुद्ध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *