जिला पुलिस और एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई : अन्तर्राज्यीय हथियार तस्कर आजाद अली गिरफ्तार, 7 तमंचे बरामद

खबरें शेयर करें

उत्तराखण्ड एसटीएफ ने अवैध हथियारों के अन्तर्राज्यीय नेटवर्क पर बड़ी कार्यवाही करते हुए एक अन्तर्राज्यीय हथियार तस्कर को दबोच लिया। एसटीएफ की कुमायूँ यूनिट ने थाना गदरपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर ग्राम कनकता निवासी आजाद अली (32 वर्ष) पुत्र अख्तर अली को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 05 तमंचे 315 बोर, 02 तमंचे 12 बोर तथा एक बिना नंबर की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

 

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर आजाद अली काफी समय से उत्तर प्रदेश से अवैध हथियार लाकर उत्तराखण्ड में सप्लाई कर रहा था। आरोपी पहले भी दो बार आर्म्स एक्ट के मामलों में गदरपुर थाना पुलिस द्वारा जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में उसने कबूला कि वह यूपी से तमंचे मंगाकर स्थानीय अपराधियों को बेचता था।

 

एसटीएफ की इस कार्रवाई से अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर चलाए जा रहे “अवैध हथियारों के विरुद्ध विशेष अभियान” के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना गदरपुर में आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

 

इस संयुक्त ऑपरेशन में एसटीएफ निरीक्षक विकास चौधरी के नेतृत्व में एसटीएफ और थाना गदरपुर की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब उत्तर प्रदेश कनेक्शन की कड़ियों को खंगाल रही है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *