कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ का 24 घंटे का धरना, इसके बाद सुरक्षाकर्मियों से हुई हल्की नोकझोंक

खबरें शेयर करें

पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को लेकर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने सोमवार सुबह गांधी पार्क में 24 घंटे का सांकेतिक धरना शुरू किया। सुबह 11 बजे विधायक पार्क पहुंचे, गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और शांतिपूर्वक धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि दैनिक वेतनभोगी और संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, मृतक आश्रितों की नियुक्ति, गोल्डन कार्ड योजना, लेखा संवर्ग में पदोन्नति और कैंपस स्कूल के शिक्षकों-कर्मचारियों को वेतन बजट आवंटन जैसी कई आवश्यक मांगें महीनों से लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन न तो सुनवाई कर रहा है और न ही छह महीनों से की जा रही पत्राचार का कोई जवाब दे रहा है। संयुक्त बैठक कराने का आश्वासन भी अब तक अधूरा है।

 

बेहड़ ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याएँ उठाना उनका दायित्व है। “विश्वविद्यालय रजत जयंती मना रहा है, लेकिन उन्हीं कर्मचारियों की समस्याएँ नहीं देख रहा जिनके सहारे यह खड़ा है,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें आज विश्वविद्यालय का फाउंडेशन डे होने की जानकारी नहीं थी, वरना वे धरने की तारीख बदल देते।

 

धरना शुरू होने से ठीक पहले पार्क में हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। विधायक के समर्थक जब धरनास्थल पर दरी बिछाने लगे तो सुरक्षाकर्मियों ने सवाल किया और तंज भरे लहजे में कहा कि वे किसी विधायक को नहीं जानते। इससे समर्थक नाराज़ हुए और कुछ देर के लिए कहासुनी का माहौल बन गया। हालांकि स्थिति जल्द सामान्य हो गई और विधायक निर्धारित योजना के अनुसार धरने पर बैठ गए। धरना मंगलवार सुबह 11 बजे तक जारी रहेगा।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *