दिनेशपुर में संदिग्ध रूप से घूम रहीं युवतियां थाने पहुंचाई गईं, पुलिस ने पूछताछ कर दी चेतावनी

खबरें शेयर करें

उत्तराखंड के दिनेशपुर कस्बे में बुधवार को पर्चे दिखाकर राहगीरों से धन जुटाने की कोशिश कर रहीं दर्जनभर युवतियों को हिंदूवादी संगठनों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थाने में सभी से पूछताछ की गई, जिसके बाद कड़ी हिदायत देकर उन्हें छोड़ दिया गया।

दिनेशपुर नगर में दर्जनभर युवतियां संदिग्ध रूप से लोगों से पैसे मांगती नजर आईं। स्थानीय हिंदूवादी संगठनों को जब इस गतिविधि की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने सभी युवतियों को थाने लाकर पूछताछ की।

थाना परिसर में उप निरीक्षक लोकेश कुमार द्वारा जब पहचान पत्र मांगे गए तो अधिकांश युवतियां कोई वैध आईडी नहीं दिखा सकीं। पूछताछ के दौरान युवतियों ने महिला कांस्टेबल की मौजूदगी में ही बयान देने की बात कही।

पंकज चक्रवर्ती, नगर संयोजक, बजरंग दल:- हमें शिकायत मिली थी कि कुछ युवतियां लोगों को जबरन रोककर पैसे वसूल रही हैं। हमने उन्हें रोका और पुलिस को बुलाकर उनके सुपुर्द किया।

पुलिस ने युवतियों को चेतावनी देते हुए यह स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में ऐसी गतिविधि पाई गई, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर बजरंग दल नगर संयोजक पंकज चक्रवर्ती, विश्व हिंदू परिषद नगर मंत्री विशाल मंडल, प्रदीप कोली, समीर मंडल, किरण मंडल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

फिलहाल युवतियों को छोड़ दिया गया है, लेकिन पूरे मामले की निगरानी पुलिस द्वारा की जा रही है। नगर क्षेत्र में बाहर से आकर संदिग्ध तरीके से घूम रहे लोगों पर नजर रखने की अपील भी प्रशासन द्वारा की गई है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *