स्मार्ट मीटर पर रोक को बताया जनता की जीत, भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर, संवाददाता।

उत्तराखंड में स्मार्ट मीटर लगाने पर लगी रोक को लेकर बुधवार को किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने प्रेस वार्ता की और इसे जनता की बड़ी जीत बताया। उन्होंने भाजपा सरकार पर चुनावी लाभ के लिए निर्णय लेने का आरोप लगाया। बेहड़ ने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए सरकार बैकफुट पर आई है और जनता के गुस्से को भांपते हुए स्मार्ट मीटर पर रोक लगाई गई है, जबकि कांग्रेस लंबे समय से इसका विरोध कर रही थी।

 

विधायक बेहड़ ने कहा कि वह पूरे प्रदेश में अकेले ऐसे विधायक थे, जिन्होंने खुलकर स्मार्ट प्रीपेड मीटरों का विरोध किया था। उन्होंने दावा किया कि मीटरों के गलत बिल आने और जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका को बार-बार उठाया, लेकिन सरकार ने उनकी बातों को अनसुना किया। बेहड़ ने भाजपा नेताओं पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब कांग्रेस इस मीटर को ‘खून चूसने वाला मीटर’ बता रही थी, तब भाजपा इसे लाभकारी बता रही थी।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने रोक लगाने से पहले पूरे प्रदेश में कैंप लगाकर “नाटक” किया और अब मीडिया और जनता दोनों के सामने सफाई देने की स्थिति में है। बेहड़ ने दावा किया कि कई मीडिया चैनलों ने स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों को उजागर किया था, लेकिन तब सरकार ने मीडिया को एजेंट तक कह दिया था। अब खुद सरकार मान रही है कि मीटरों में दिक्कतें हैं और बिल ज्यादा आ रहे हैं।

 

विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के अधिकांश कार्यकर्ताओं के घर स्मार्ट मीटर नहीं लगाए गए, जबकि आम जनता पर इन्हें थोपने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के साथ मीटर लगाने की कार्रवाई जनता पर दबाव बनाने का उदाहरण है।

 

बेहड़ ने भाजपा सरकार पर उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनता के हितों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई जनता की है और जनता ने ही सरकार को पीछे हटने पर मजबूर किया है।

 

उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी। कांग्रेस अपनी सरकार बनने पर पहले कैबिनेट में स्मार्ट मीटर को पूरी तरह बंद करने का निर्णय लेगी। बेहड़ ने कहा कि यह लड़ाई लंबी है, लेकिन जनता अब जाग चुकी है और यह रोक जनता की बड़ी जीत है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *