मॉर्निंग वॉक के दौरान ट्रेन से कटकर वृद्ध दंपत्ति की मौत, इकलौता पुत्र प्रकाश हुआ अनाथ

खबरें शेयर करें

खटीमा, संवाददाता।

खटीमा में दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को उजाड़ दिया। गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध दंपत्ति रामदत्त और उनकी पत्नी नंदा देवी की मौत हो गई। हादसे के बाद उनका इकलौता पुत्र प्रकाश चन्द्र पूरी तरह अनाथ हो गया और शोक में बेसुध हो रहा है।

 

मूलरूप से पिथौरागढ़ निवासी रामदत्त ग्रिफ में तैनात थे और 22 नवंबर को एक माह की छुट्टी पर घर आए थे। उन्हें जल्द ही नई पोस्टिंग के लिए जम्मू ज्वाइन करना था। रोजाना की तरह वे पत्नी नंदा देवी के साथ शिव कॉलोनी से मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। मंडी समिति गेट के पीछे पटरी किनारे से संतना की ओर जाते समय तेज रफ्तार ट्रेन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

परिवार 2003 से खटीमा की शिव कॉलोनी में रह रहा था। बड़ी पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि इकलौता पुत्र प्रकाश माता-पिता के साथ ही रहता था। घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस में माता-पिता के शव देखते ही प्रकाश बार-बार बेहोश हो रहा था। पड़ोसी और रिश्तेदार उसे सांत्वना देने में जुटे हुए हैं।

हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना की लहर फैला दी है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *