“नगर निगम बैठक में दर्जनों विकास प्रस्तावों को मंजूरी, फ्री वाई-फाई से लेकर सड़क चौड़ीकरण तक शहर को मिलेगी नई रफ्तार”

खबरें शेयर करें

नगर निगम बोर्ड बैठक में विकास के दर्जनों प्रस्ताव पारित, शहर की बदलेगी तस्वीर

रूद्रपुर। नगर निगम की बोर्ड बैठक सोमवार को महापौर विकास शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें शहर के व्यापक विकास हेतु कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक की शुरुआत में पार्षदों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर महापौर ने तुरंत संज्ञान लिया और मौके पर ही अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। दर्जनों प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित करते हुए महापौर ने कहा कि आज लिये गये निर्णय रूद्रपुर की दशा और दिशा बदलने वाले साबित होंगे।

 

बैठक में किच्छा बाईपास पर पेट्रोल पंप स्थापित करने, किच्छा रोड पर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स निर्माण, वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धाश्रम खोलने, तथा पर्यावरण पर्यवेक्षकों के लिए 30 इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने जैसे प्रमुख प्रस्ताव मंजूर किए गए। काशीपुर बाईपास का नाम स्व. केशव बालीराम हेडगेवार के नाम पर रखने और वहीं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित करने पर भी सहमति बनी। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी तथा काशीपुर बाईपास व रम्पुरा में मल्टीपल ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई।

 

बोर्ड ने शहर में अतिक्रमण रोकने के लिए कमेटी गठन, प्रमुख पार्कों का सौंदर्यीकरण, फ्री-वाईफाई जोन विकसित करने, कई मुख्य सड़कों और लिंक मार्गों के चौड़ीकरण, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में हाउस टैक्स लागू करने जैसे महत्वपूर्ण फैसले भी लिए। नगर निगम संचालन से जुड़े कई प्रशासनिक प्रस्ताव—कमेटियों का गठन, सर्वेयरों की नियुक्ति, विभिन्न करों और शुल्कों का निर्धारण, सफाई व्यवस्था हेतु वाहनों व उपकरणों की खरीद—भी पारित हुए।

 

बैठक में पार्षदों की शिकायतों पर महापौर ने तीन कर्मचारियों पर तुरंत कार्रवाई की। जन्म-मृत्यु पटल की कर्मचारी शाहीन मलिक को विभाग से हटाया गया, जबकि एसआई कुलदीप और वाहन प्रभारी गौतम का एक माह का वेतन रोक दिया गया। टैक्स कलेक्शन के कर्मचारी सुरेश को विभाग से हटाने के निर्देश भी दिए गए।

 

नशा माफियाओं पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए महापौर ने कहा कि शहर में अवैध शराब व नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए नगर निगम कमेटी पहले से चिन्हांकन कर रही है। जहां शिकायतें मिली हैं, वहां बुलडोजर कार्रवाई प्राथमिकता से की जाएगी।

 

नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बस्तियों के भीतर तक अभियान चलाकर सड़कों को सुव्यवस्थित किया जाएगा। नगर निगम की संपत्तियों को नुकसान पहुँचाने वालों पर एफआईआर दर्ज होगी।

 

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में शहर को मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है और आज लिये गए अधिकांश निर्णय अगली बैठक तक धरातल पर दिखेंगे।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *