किराए के कमरे में युवती ने फांसी लगाकर दी जान, हैदराबाद के युवक से की थी आखिरी बात

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर, संवाददाता।

ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के फुलसुंगा में शनिवार देर शाम एक 27 वर्षीय युवती ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। युवती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मृतका की पहचान सुचित्रा दास पुत्री सुनील कुमार दास, निवासी गंगनापुर, जिला नदिया (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। बताया गया कि सुचित्रा का कुछ समय पहले पति से तलाक हो गया था। वह पिछले एक वर्ष से अपने फूफा शिव कुमार मल्लिक के साथ संजय नगर खेड़ा में रह रही थी और सिडकुल की एक कंपनी में काम करती थी। तीन-चार दिन पूर्व ही उसने फुलसुंगा में लक्ष्मण सिंह के घर पर किराए का कमरा लिया था।

 

पुलिस के अनुसार, आत्महत्या से ठीक पहले सुचित्रा ने हैदराबाद में रहने वाले अपने एक परिचित युवक को फोन किया और बताया कि वह अपनी जान देने जा रही है। युवक ने तुरंत यह जानकारी सुचित्रा की मां को दी, जिन्होंने रुद्रपुर में उसके फूफा को फोन कर मौके पर भेजा। जब फूफा पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो सुचित्रा फंदे से लटकी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *