काशीपुर पुलिस ने कुख्यात झपट्टामार अजीम को दबोचा, गैंगस्टर एक्ट में भी है हिस्ट्रीशीटर

खबरें शेयर करें

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर 48 घंटे में मोबाइल झपट्टा कांड का खुलासा, आरोपी के पास से मोबाइल और बाइक बरामद
काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंह नगर मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काशीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने झपट्टा मारकर मोबाइल फोन छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले कुख्यात झपट्टामार अजीम को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।

मामला 1 नवंबर 2025 का है, जब स्कूल से घर लौट रही महिला मीना बिष्ट के हाथ से बाइक सवार बदमाश ने मोबाइल फोन झपट लिया था। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली काशीपुर में एफआईआर संख्या 459/25 धारा 304(2) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

एसएसपी के आदेश और एसपी काशीपुर व सीओ काशीपुर के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने महज दो दिनों में इस घटना का पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया अभियुक्त अजीम पुत्र मोहम्मद नासिर, निवासी मोहल्ला महेशपुरा, लक्ष्मीपुर पट्टी, थाना साबिक कोतवाली काशीपुर, उम्र 24 वर्ष है। पुलिस ने आरोपी के पास से छीना गया मोबाइल फोन वन प्लस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल नंबर UK 19A-5071 बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अजीम कोतवाली काशीपुर का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, झपट्टामारी और गैंगस्टर एक्ट समेत 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2024 का गैंगस्टर एक्ट (धारा 2/3) का मामला भी शामिल है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि जिले में अपराधियों पर पुलिस की सख्त निगरानी जारी है और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी तेज किया जाएगा।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *