छात्रसंघ चुनाव नामांकन में बवाल मामला” पार्षद समेत 15 पर मुकदमा दर्ज

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान बुधवार को हुआ बवाल अब कानूनी शिकंजे में आ गया है। इस प्रकरण में कोतवाली रुद्रपुर में तैनात एसएसआई नवीन बुधानी की तहरीर पर पुलिस ने पार्षद समेत 15 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। दोपहर करीब सवा एक बजे कॉलेज मुख्य गेट पर नामांकन करने आए प्रत्याशियों के समर्थक बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। समर्थकों की भीड़ देखते ही देखते सड़क पर उतर आई, जिससे यातायात अवरुद्ध हो गया। पुलिस की रोक-टोक के बावजूद भीड़ झां इंटर कॉलेज होते हुए मुख्य हाईवे पर पहुंच गई और देखते ही देखते दोनों गुटों में भिड़ंत शुरू हो गई।

 

इस दौरान अर्जुनपुर निवासी जस्सी कचूरा और लालपुर निवासी सतपाल लाहौरिया ने गाली-गलौच करते हुए असलहे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एम्बुलेंस, स्कूल बसें और रोडवेज बसें जाम में फंस गईं। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मी भीड़ की ओर बढ़े तो आरोपी युवक भाग निकले।

 

पुलिस ने आरोपियों की पहचान जस्सी कचूरा, सतपाल लाहौरिया, मनप्रीत उर्फ गोपी, अभय सक्सेना उर्फ चाइना, दानिश, गगन रतनपुरिया, चेतन मांगड़, अमृत चीमा, विक्रम, जानी भाटिया, प्रिंस शर्मा, हेमंत उर्फ नोनू मिश्रा, रवि रावत, आकाश यादव और आशीष यादव के रूप में की है। पुलिस ने मौके से मिली दो काली महिंद्रा थार गाड़ियों (UK06BF0307 व UK06BK7273) को कब्जे में ले लिया है।

 

आरोप है कि उक्त लोग बाहरी बदमाश हैं, जो कॉलेज छात्रों की आड़ में चुनाव बिगाड़ने की मंशा से आए थे। पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 125, 351(2), 352, 190, 191(2) और 191(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

 

अब पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर रही है, ताकि आगामी छात्रसंघ चुनावों में शांति व्यवस्था बरकरार रखी जा सके।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *