अल्मोड़ा जनपद में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीके अपनाकर आमजन से लाखों की ठगी कर डाली। एक ही जिले में अलग-अलग थानों में दर्ज हुए मामलों ने यह साफ कर दिया है कि ठग अब मोबाइल और इंटरनेट के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर खाता खाली कर रहे हैं। पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला नगर के थपलिया का है, जहां एक व्यक्ति से एसबीआई कर्मचारी बनकर ऐप डाउनलोड कराते हुए 4.56 लाख रुपये की ठगी की गई। पीड़ित ने साइबर सेल की मदद से 2.75 लाख रुपये होल्ड करवा लिए हैं। वहीं, सल्ट क्षेत्र में एक व्यक्ति को सोशल मीडिया पर बनी महिला मित्र ने गिफ्ट भेजने के नाम पर 3.48 लाख रुपये का चूना लगाया।
दन्या थाने में युवक से रिश्तेदार बनकर 45 हजार रुपये हड़प लिए गए। आरोपी ने फोन कर खुद को मुसीबत में फंसा रिश्तेदार बताया और रकम खाते में मंगवा ली। इसी तरह कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति को एक लाख रुपये ट्रांसफर कराने का झांसा देकर 65 हजार रुपये ऐंठ लिए गए।
एक अन्य महिला को भी एसबीआई कर्मचारी बताकर निशाना बनाया गया। कार्ड रिन्यूवल के नाम पर जानकारी हासिल कर साइबर ठग ने उसके खाते से 53,993 रुपये पार कर दिए। वहीं, द्वाराहाट थाने में युवक को वर्क फ्रॉम होम जॉब ऑफर देकर 88 हजार रुपये गंवा दिए गए।
लगातार बढ़ रही इन घटनाओं से साफ है कि साइबर ठग तरह-तरह के लालच और डर का माहौल बनाकर लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। कभी रिश्तेदारी का झांसा, तो कभी नौकरी, गिफ्ट और बैंकिंग अपडेट जैसे बहाने बनाकर ठगी की जा रही है। पुलिस ने सभी पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

