हरिद्वार में भगदड़ की चपेट में आए काशीपुर के दो युवकों की मौत, गांव में पसरा मातम

खबरें शेयर करें

हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार सुबह भगदड़ की अफवाह ने दो युवाओं की जिंदगी लील ली। काशीपुर के बांसखेड़ी निवासी 18 वर्षीय विपिन और उसके ममेरे भाई विक्की (20) निवासी बिलासपुर, रामपुर (उत्तर प्रदेश) की हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

जानकारी के अनुसार विपिन और विक्की शनिवार रात बाइक से हरिद्वार गंगाजल लेने गए थे। रविवार सुबह करीब नौ बजे दोनों मनसा देवी मंदिर की चढ़ाई चढ़ रहे थे, तभी करंट फैलने की अफवाह से श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। अचानक मची अफरातफरी में कई लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े, और इसी दौरान दोनों युवक भी नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

 

घटना की सूचना मिलते ही विपिन और विक्की के परिजन हरिद्वार पहुंचे। वहां पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम विपिन का शव बांसखेड़ी लाया गया, जबकि विक्की का शव उसके गांव रामपुर ले जाया गया।

 

विपिन परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मां की मृत्यु करीब 14 साल पहले हो चुकी थी। पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। विपिन अपनी पढ़ाई हाईस्कूल के बाद छोड़कर मामा के साथ होटल में काम कर रहा था ताकि परिवार का सहारा बन सके। उसकी तीन बड़ी बहनें और एक छोटी बहन हैं, जिनमें सिर्फ एक की शादी हुई है।

जवान बेटे की मौत से पिता और बहनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शव देखकर बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस असामयिक दुर्घटना से स्तब्ध है।

स्थानीय प्रशासन से घटना की जांच की मांग की गई है ताकि भविष्य में इस तरह की अफवाहों से लोगों की जान न जाए।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *