टी.डी.सी में महाघोटाले का आरोप, सूचना न मिलने पर ठुकराल ने दिया धरना 

खबरें शेयर करें

टी.डी.सी निविदा प्रक्रिया में महाघोटाले का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मंगलवार को पत्थरचट्टा स्थित टी.डी.सी मुख्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। ठुकराल ने कहा कि घोटाले की परतें उजागर होने से पहले ही उसे दबाने की कोशिशें की जा रही हैं, जिसके चलते सूचना का अधिकार भी कुचला जा रहा है।

पूर्व विधायक ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के नाम पर टी.डी.सी ने ध्वस्तीकरण की आड़ में करोड़ों की संपत्ति को मात्र 6.49 करोड़ रुपये में नीलाम कर दिया। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को संदेहास्पद बताया और कहा कि जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने रहे। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए उन्होंने 24 मई को आरटीआई दाखिल की थी, जिसमें 259 पृष्ठों की सूचना मांगी गई थी। सूचना के बदले विभाग ने 628 रुपये भी वसूल लिए, लेकिन अब तक जानकारी नहीं दी गई।

ठुकराल ने तीखा आरोप लगाते हुए कहा कि जब आरटीआई की सूचना तक नहीं दी जा रही है, तो यह स्पष्ट संकेत है कि पूरा मामला महाघोटाले से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सांकेतिक धरना है, यदि जल्द जवाब नहीं मिला तो वे बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे।

धरना प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक ने टी.डी.सी अधिकारियों को चेताया कि जनता के पैसों से जुड़े इस गंभीर मामले में चुप्पी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *