उपनिरीक्षक कृष्ण चंद्र आर्य को उत्कृष्ट अन्वेषण के लिए मिलेगा केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक

खबरें शेयर करें

ऊधम सिंह नगर। जनपद की पुलिस के लिए गर्व का क्षण—कोतवाली काशीपुर में तैनात उपनिरीक्षक कृष्ण चंद्र आर्य को उनकी उत्कृष्ट विवेचनात्मक दक्षता और अन्वेषण क्षमता के लिए भारत सरकार, गृह मंत्रालय द्वारा “केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक” (Union Home Minister’s Medal for Excellence in Investigation) से सम्मानित किया जाएगा।

यह सम्मान उन्हें वर्ष 2021 में नानकमत्ता क्षेत्र में हुए चर्चित चौहरे हत्याकांड का सफल अनावरण करने और अभियुक्तों को न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा दिलाने के लिए प्रदान किया गया है। 29 दिसंबर 2021 को एक ही परिवार के चार सदस्यों — अजय रस्तोगी, उदित रस्तोगी, आशा देवी और सन्नो देवी — की निर्मम हत्या की गई थी। उस समय थानाध्यक्ष नानकमत्ता रहे कृष्ण चंद्र आर्य ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा किया था।

उन्होंने मुख्य आरोपी रानू रस्तोगी सहित सहयोगियों विवेक वर्मा, मुकेश शर्मा उर्फ राहुल और सचिन सक्सेना को गिरफ्तार किया। उनके पास से नकदी, आला-ए-कत्ल व अन्य साक्ष्य बरामद हुए। 20 मई 2025 को न्यायालय ने चारों को धारा 302, 394 व 201 IPC के तहत आजीवन कारावास व जुर्माने की सजा सुनाई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उपनिरीक्षक आर्य की दक्षता का प्रमाण है, बल्कि ऊधम सिंह नगर पुलिस की पेशेवर प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *