श्री राम ने बुलाया, पैदल अयोध्या चल पड़े ‘हनुमान’

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर लोकपथ संदेश ब्यूरो

अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के भव्य मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की पावन वेला का पूरा देश इंतजार कर रहा है। सैकड़ों वर्षों के इंतजार के बाद आखिरकार भगवान श्री राम का भव्य और दिव्य मंदिर साकार रूप ले रहा है। देश भर के साधु-संत समेत भक्तजन अयोध्या जाने को आतुर हैं। ऐसे में आखिर भगवान श्री राम के सबसे बड़े भक्त ‘हनुमान’ आखिर वहां कैसे नहीं जाते। यहां हम पवनपुत्र श्री हनुमान भगवान की बात नहीं कर रहे हैं, वह तो सर्वत्र विराजमान हैं। यहां हम उस ‘हनुमान’ की बात कर रहे हैं जो बीते सात सालों से रुद्रपुर की रामलीला में श्री हनुमान का किरदार निभा रहे हैं और भगवान श्री राम के परम भक्त हैं। यह हैं सामाजिक कार्यकर्ता और कारोबारी रुद्रपुर निवासी सुशील गाबा।

सोमवार को सुशील गाबा पैदल ही ध्वज लेकर अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने बताया कि श्री राम पर उनकी अटूट आस्था है और वह रुद्रपुर से पैदल चलकर 14 दिन में अयोध्या तक की यात्रा पूरी करेंगे। रुद्रपुर से अयोध्या करीब 480 किमी. है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन 30 से 35 किमी. की दूरी तय कर यह यात्रा पूरी करेंगे। उन्होंने सोमवार को पहले रुद्रपुर के पांच मंदिर में पूजा की और फिर यहां से ध्वजा लेकर अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। उनका कहना है कि सैकड़ों वर्षों के इंतजार के बाद यह शुभ अवसर आया है। उन्होंने कहा है कि सभी भक्त रामलला के दर्शन करें।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *