छिनकी मतदान केंद्र पर हंगामा, कांग्रेस विधायक बेहड़ और भाजपाई आमने-सामने

खबरें शेयर करें

उधमसिंहनगर ज़िले के किच्छा क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दौरान छिनकी गांव के बूथ पर उस समय हंगामे के हालात बन गए जब फर्जी मतदान की आशंका को लेकर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा।

ग्रामसभा छिनकी, जो जिला पंचायत सीट ‘दोपहरिया’ के अंतर्गत आती है, वहाँ रविवार को मतदान शांतिपूर्ण चल रहा था। लेकिन शाम करीब चार बजे उस वक्त अचानक माहौल गरमा गया जब कांग्रेस और भाजपा समर्थित पोलिंग एजेंटों के बीच फर्जी वोटिंग को लेकर बहस छिड़ गई।

भाजपा एजेंटों का आरोप था कि कांग्रेस समर्थकों द्वारा फर्जी वोट डाले जा रहे हैं। जैसे ही यह सूचना भाजपाई खेमे तक पहुँची, कई कार्यकर्ता मौके पर पहुँचे और मतदान स्थल के गेट पर मतदाताओं के पहचान पत्र जांचने की मांग करने लगे।

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ भी अपने समर्थकों के साथ बूथ पर पहुँच गए। गड़बड़ी की आशंका जताते हुए बेहड़ ने मोर्चा संभाल लिया। इस बीच कांग्रेस और भाजपा समर्थक आमने-सामने खड़े हो गए, जिससे बूथ के बाहर तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए किच्छा कोतवाल धीरेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते विवाद को शांत कराया गया और मतदान प्रक्रिया को दोबारा नियंत्रित किया गया।

शाम पांच बजे मतदान समाप्त होते ही दोनों पक्षों ने धीरे-धीरे स्थान खाली किया और स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने बूथ के बाहर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा घेरे को और कड़ा कर दिया।

(तिलकराज बेहड़, विधायक कांग्रेस)

“हमें फर्जी वोटिंग की जानकारी मिली थी, इसलिए मैं खुद मौके पर पहुँचा। चुनाव निष्पक्ष हो, इसके लिए सतर्कता ज़रूरी है।”


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *