नानकमत्ता में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, नेपाली तस्कर समेत दो गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को नानकमत्ता पुलिस ने बड़ी सफलता दिलाई है। पुलिस ने करीब 44 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नानकमत्ता थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह (35 वर्ष) पुत्र कुलवंत सिंह निवासी बिजली कॉलोनी, सिद्धा नवदिया, थाना नानकमत्ता, जिला ऊधमसिंहनगर और तेज सिंह (27 वर्ष) पुत्र नैन सिंह निवासी वार्ड नंबर-09, कंचनपुर, नेपाल के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, नेपाली तस्कर तेज सिंह स्मैक खरीदने के उद्देश्य से खटीमा आया था। आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल और करीब ₹8000 नेपाली मुद्रा भी बरामद की गई है।

नेपाल सीमा से मिली थी शिकायत, स्पेशल ब्रांच भी अलर्ट

सूत्रों के अनुसार, एसएसपी मणिकांत मिश्रा को नेपाल सीमा से आरोपी सुखदेव सिंह और उसके भाई लखविंदर के खिलाफ शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन पर आरोप है कि ये नेपाली युवाओं को स्मैक बेचने का काम करते हैं। इसी आधार पर स्पेशल ब्रांच की टीम ने भी गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की और नेपाल पुलिस को कार्रवाई की सूचना दी गई।

पहले भी रहे हैं अपराधी रिकॉर्ड में शामिल

पुलिस रिकॉर्ड बताता है कि गिरफ्तार आरोपी सुखदेव का भाई लखविंदर पहले दो बार एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुका है, जबकि खुद सुखदेव भी एक बार झनकैय्या थाने से एनडीपीएस मामले में जेल जा चुका है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने साफ किया है कि जिले में नशा कारोबार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। इस तरह की अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *