बड़ा हादसा: लैंडिंग के दौरान डिप्टी सीएम का निजी विमान क्रैश, आग लगने से पांच की मौत, इलाके में हड़कंप

खबरें शेयर करें

महाराष्ट्र के बारामती से इस वक्त एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निजी चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना उस समय हुई, जब अजित पवार का 8-सीटर चार्टर्ड विमान बारामती रनवे पर लैंडिंग के लिए अप्रोच कर रहा था। विमान अचानक संतुलन खो बैठा और रनवे के पास एक खेत में जा गिरा, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई।

हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत की खबर है। मौके से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विमान पूरी तरह जलकर राख हो चुका है और उसके टुकड़े चारों ओर बिखरे हुए हैं। घटनास्थल से काले धुएं का गुबार उठता नजर आया।

बताया जा रहा है कि अजित पवार आज सुबह करीब 7 बजे मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। उन्हें जिला परिषद चुनाव से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होना था। उनके कार्यक्रम में निरावगाज, पंढरे, करंजेपुल और सुपा में बैठकें प्रस्तावित थीं, लेकिन हादसा इन कार्यक्रमों के शुरू होने से पहले ही हो गया।

हादसा क्रैश लैंडिंग के कारण हुआ या फिर किसी तकनीकी खराबी की वजह से, फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। एनसीपी नेता माजिद मेमन ने भी पुष्टि की है कि अजित पवार को आज बारामती पहुंचना था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, वहीं पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव टीमें तुरंत घटनास्थल पर रवाना हुईं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *