गैंगस्टर एक्ट में दो सगे भाई समेत चार बदमाश निरुद्ध

खबरें शेयर करें

पंतनगर थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार चोरी, वाहन चोरी और नशे का कारोबार कर अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले गिरोह पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने गैंग के सरगना समेत चार शातिरों को गैंगस्टर एक्ट के तहत निरुद्ध किया है।

रुद्रपुर। पंतनगर थाना पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त चार बदमाशों को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह का संचालन भदईपुरा वार्ड 14 निवासी राहुल यादव पुत्र चंद्रपाल यादव करता था। उसके साथ उसका भाई अरुण यादव, विकास और इरफान शामिल थे। यह गिरोह पंतनगर ही नहीं बल्कि आसपास के थानों में भी वाहन चोरी, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ था।

 

थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि सरगना राहुल यादव के खिलाफ छह, उसके भाई अरुण और विकास पर पांच-पांच तथा इरफान पर छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों पर चोरी और नशा तस्करी से लेकर अवैध कमाई तक के कई संगीन मामले दर्ज हैं। लगातार बढ़ रही गिरोह की गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने चारों को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध कर दिया है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगेगा और आमजन को राहत मिलेगी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *