पूर्व जिला पंचायत सदस्य की फर्जी हत्या साजिश उजागर, 6 आरोपी गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

हरिद्वार। बहादराबाद थाना पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य जाकिर पुत्र ताहिर समेत 6 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि जाकिर ने विपक्षियों को फंसाने के लिए अपनी ही हत्या की 30 लाख रुपए की सुपारी देने की झूठी सूचना पुलिस को दी थी। इतना ही नहीं, उसने अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से 3 युवकों के साथ मिलकर अपनी ही कार पर फायरिंग की योजना भी बनाई थी।

 

पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को जाकिर ने बहादराबाद थाना में तहरीर दी थी कि उसके विपक्षी, जिनसे उसका जमीनी विवाद न्यायालय में विचाराधीन है, ने उसकी हत्या के लिए 30 लाख रुपए की सुपारी दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने तुरंत जांच के निर्देश दिए।

 

जांच में पुलिस ने पाया कि जाकिर और विपक्षी पक्ष के बीच पिछले 3-4 साल से जमीनी विवाद चल रहा था। झूठा मुकदमा दर्ज करवाने और दबाव बनाने के लिए जाकिर ने अपनी ही हत्या की कहानी रची। इसके लिए उसने आजम, उस्मान और सोहेल को 50 हजार रुपए का लालच देकर अपनी ही कार पर फायरिंग करवाने की योजना बनाई।

 

पूछताछ के दौरान सभी आरोपी आपस में आरोप-प्रत्यारोप करने लगे, जिसके बाद उन्हें धारा 170 के तहत हिरासत में लिया गया। जाकिर की लाइसेंसी पिस्टल, जिसका रिन्यूअल समाप्त हो चुका था, उसके भतीजे खालिक के पास से बरामद की गई। पुलिस ने लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन पर जाकिर और खालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है और पिस्टल का लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए भेजा जा रहा है।

हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी निर्दोष को फंसाने या झूठा मुकदमा दर्ज करवाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *