रुद्रपुर लोकपथ संदेश ब्यूरो
मंगलवार को नगर निगम परिसर में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम भाजपा में श्रेय की खींचतान का अखाड़ा बन गया। रुद्रपुर के मास्टर ड्रेनेज प्लान को लेकर मेयर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा में खूब शब्दों के तीर चले। कैबिनेट मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा के सामने ही एक दूसरे को खूब नसीहत दी गई।
विकास शर्मा ने इशारों इशारों में विधायक शिव अरोरा पर तंज कसते हुए कहा कि जब वह मेयर बने तो 300 करोड़ का प्रोजेक्ट धूल फांक रहा था। ड्रेनेज प्लान में सिर्फ 20 ड्रेन ली गई थी। इन्हें बढ़ाकर 61 ड्रेन और 300 करोड़ के प्रोजेक्ट को 600 करोड़ बनाया। सिंचाई विभाग के अधिकारी और पार्षदों के साथ प्लान पर मंथन किया। उनके अनुरोध पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 584 करोड़ का प्रोजेक्ट स्वीकृत किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मीडिया के सामने हंसी दिखाकर ड्रामा करते हैं। जनता सब जानती है। हम पूरी टीम को श्रेय देते हैं, लेकिन किसी व्यक्ति विशेष को नहीं।
वहीं विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उनकी शालीनता को कमजोरी न समझें। नंबवर 2024 को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने उनके पत्र के जबाव में ड्रेनेज प्लान के चौथे चरण का सर्वे पूरा होने की जानकारी दी थी। अगस्त 2025 में डीपीआर बन गई।तब नगर निगम का नया बोर्ड गठित ही नहीं हुआ था। चार साल से प्रोजेक्ट धूल फांक रहा था तो क्या सीएम पुष्कर सिंह धामी की सरकार को झूठा बताया जा रहा है। चार साल में कुछ नहीं हुआ और डेढ़ साल में जादू की छड़ी आ गयी। यह मंच पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार साल के कार्यकाल के कार्यों को बताने के लिए था और मंच को श्रेय लेने के लिए जरिया बनाया गया।

