अमर्यादित टिप्पणी पर गरमाई राजनीति, सिख-खत्री समाज की आपात बैठक में बड़ा फैसला

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर।

शहर की सामाजिक सौहार्द को लेकर उस समय माहौल गर्मा गया, जब कुछ दिन पूर्व पार्षद पति एवं भाजपा नेता राधेश शर्मा द्वारा सोशल मीडिया पर सिख एवं खत्री समाज से जुड़े नेताओं को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने विवाद का रूप ले लिया। कथित बयान के बाद व्यापारी नेता संजय जुनेजा और राधेश शर्मा के बीच सोशल मीडिया व सार्वजनिक मंचों पर तीखी बयानबाजी शुरू हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार शाम सिख एवं खत्री समाज की एक आपात बैठक पांच मंदिर परिसर में आयोजित की गई, जिसमें समाज के प्रमुख लोगों और वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक में वक्ताओं ने एक स्वर में भाजपा नेता के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार की भाषा न केवल समाज की भावनाओं को आहत करती है, बल्कि शहर की सांप्रदायिक एकता को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पंजाबी नेता हरीश जल्होत्रा और केवल कृष्ण बत्रा के नेतृत्व में 11 सदस्यीय कमेटी गठित की जाएगी। यह कमेटी विवादित बयान देने वाले नेता को बुलाकर उनसे बयान का कारण पूछेगी। संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में आगे की रणनीति तय की जाएगी।

साथ ही समाज ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति सिख-खत्री समाज के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करता है, तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मुकदमे को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक में राजकुमार फुटेला, जगदीश तनेजा, विजय फुटेला, नरेश शर्मा, गौरव गांधी, अभिमन्यु ढींगरा, सुरेंद्र मिढढा, हरीश सुखीजा, केवल कृष्ण बत्रा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *