सौरभ बेहड़ से आज पुलिस पूछताछ, साजिश कबूल, ट्रांजिट कैम्प थाने में नोटिस तामील, गुमराह करने पर कार्रवाई के संकेत

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर।

किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे व पार्षद सौरभ राज बेहड़ पर हुए कथित हमले के मामले में गुरुवार को पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई की। थाना ट्रांजिट कैम्प में पंजीकृत FIR संख्या 21/2026, धारा 115(2), 351(2), 352 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकाश में आए अभियुक्त सौरभ राज बेहड़ को विवेचक उप निरीक्षक मनोज जलाल द्वारा चौकी आवास विकास पर पूछताछ हेतु तलब किया गया।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि पत्नी के साथ चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी की सहानुभूति प्राप्त करने के उद्देश्य से उसने स्वयं पर हमले की योजना बनाई थी। अभियुक्त ने मामले में पूर्व में गिरफ्तार अन्य अभियुक्तों द्वारा दिए गए बयानों का भी समर्थन किया।

पुलिस ने इससे पहले मामले का खुलासा करते हुए बताया था कि सौरभ बेहड़ ने अपने मित्र इंदर नारंग के माध्यम से वंश कुमार, बादशाह और दीपक सिंह को हमले के लिए हायर किया था। पहचान छुपाने के लिए हमलावरों ने चेहरे ढके और बाइक की नंबर प्लेट हटाई गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार बरामद किए, साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व वैगनार कार भी जब्त की गई।

मुकदमे में सजा का प्रावधान सात वर्ष से कम होने तथा अभियुक्त के सहयोग को देखते हुए सौरभ बेहड़ को धारा 35(3) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत नोटिस तामील कराया गया। आवश्यक विवेचनात्मक कार्रवाई के बाद अभियुक्त को रुखसत कर दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे विधिक कार्रवाई की जा रही है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *