प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति: मुख्यमंत्री धामी से सिडकुल प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

खबरें शेयर करें

मुख्यमंत्री आवास में शनिवार को सिडकुल इंटरप्रेन्योर वेलफेयर सोसाइटी पंतनगर के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में रजत जयंती उत्सव के साथ-साथ मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निर्मित बेहतर औद्योगिक माहौल के लिए आभार व्यक्त किया।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल नीतियाँ लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि किच्छा खुरपिया पार्क का विकास और अमृतसर–कोलकाता औद्योगिक गलियारे की प्रगति, उधम सिंह नगर को नए औद्योगिक आयाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने प्रतिनिधियों से औद्योगिक वृद्धि में भागीदारी बढ़ाने की अपील की।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि खुरपिया फार्म में औद्योगिक स्मार्ट सिटी और सैटेलाइट एम्स क्षेत्र के विकास को गति मिल रही है। उद्यमियों को सुविधा देने के लिए जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भ्रष्टाचार के प्रति राज्य की जीरो टॉलरेंस नीति सख्ती से जारी रहेगी।

 

उन्होंने बताया कि पंतनगर में 700 करोड़ की लागत से बनने वाला अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा, जिसके लिए 900 एकड़ भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है। वहीं खुरपिया में प्रस्तावित एक हजार एकड़ की इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी से बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार सृजन होगा।

 

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रमों में गुलदस्ते की जगह पुस्तक भेंट करने की परंपरा को प्रोत्साहित करने की भी अपील की।

 

इस अवसर पर सोसाइटी के अध्यक्ष धर सिन्हा, संरक्षक अजय तिवारी, महामंत्री गौरव हरीश, विनीत शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *