धमाके की अफरातफरी में भी नहीं डगमगाई मंगेतर की हिम्मत — स्कूटी पर घायल हर्षुल को अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान

खबरें शेयर करें

दिल्ली में सोमवार शाम लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट में उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जनपद के गदरपुर निवासी हर्षुल सेतिया (28) घायल हो गया। हादसे के वक्त हर्षुल अपनी मां अंजू सेतिया, मंगेतर शिवाली और छोटे भाई के साथ शादी की शॉपिंग के लिए चांदनी चौक गए थे। शॉपिंग के बाद वे नोएडा लौट रहे थे कि रेड लाइट पर कार रुकी ही थी कि पीछे करीब 100 मीटर की दूरी पर जोरदार धमाका हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उड़कर आए कांच के टुकड़े हर्षुल के सिर में जा लगे।

 

अंजू सेतिया ने बताया कि धमाके के बाद चारों तरफ भगदड़ और अफरातफरी मच गई थी, कई लोग घायल होकर सड़क पर पड़े थे। उनकी कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। ऐसे में हर्षुल की मंगेतर शिवाली ने राहगीर से स्कूटी मांगी और घायल हर्षुल को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसके सिर में दस टांके लगाए, फिलहाल उसकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है।

 

हर्षुल के पिता संजीव सेतिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन कर हालचाल जाना और दिल्ली के अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने डिस्चार्ज तक सेतिया परिवार से संपर्क बनाए रखा। मंगलवार देर रात हर्षुल अपने परिजनों के साथ गदरपुर स्थित घर पहुंच गया, जहां उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। संजीव सेतिया ने कहा कि वे मुख्यमंत्री व प्रशासन के आभारी हैं, जिन्होंने हर संभव मदद की। परिवार फिलहाल हादसे से उबरने की कोशिश में है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *